अगस्त 22, 2026 2:15 अपराह्न

printer

मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत ने नई दिल्ली में 11वें ब्रिक्स लीगल फोरम को संबोधित किया

सर्वोच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत ने कहा कि समय पर फैसले देने वाली न्याय व्यवस्था वैश्विक विश्वास बढ़ाती है, कारोबार सुगमता को मजबूत करती है और किसी देश को निवेश तथा आर्थिक विकास के लिए अधिक भरोसेमंद बनाती है। नई दिल्ली में 11वें ब्रिक्स लीगल फोरम को संबोधित करते हुए न्यायमूर्ति सूर्यकांत ने कहा कि मजबूत संस्थान, विशेष रूप से प्रभावी न्याय व्यवस्था, आर्थिक विकास की आधारशिला हैं। ये कानून के शासन के प्रति दृढ़ प्रतिबद्धता के जरिए विश्वास, स्थिरता और निश्चितता प्रदान करते हैं।

मुख्य न्यायाधीश ने दोहराया कि कानून का शासन वह आधार है, जिस पर सभ्यताएं अपनी आकांक्षाओं का निर्माण करती हैं। उन्होंने कहा कि भारत विश्व बैंक की कारोबार सुगमता रैंकिंग में निचले 25 प्रतिशत देशों में शामिल होने से अब शीर्ष 100 देशों में पहुंच गया है।

उन्होंने कहा कि अदालतों में न्याय मिलने की गति और उसकी सच्चाई से वैश्विक स्तर पर देश की छवि बनती है। मुख्य न्यायाधीश ने आर्थिक विकास और अंतरराष्ट्रीय निवेश को बढ़ावा देने में न्यायिक दक्षता, समय पर अनुबंधों के प्रवर्तन और कानून के शासन के महत्व पर जोर दिया।