दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ )ने आज राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली के सभी ज़िला निर्वाचन अधिकारियों, निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों और सहायक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों के साथ नोटिस, दावों और आपत्तियों के निपटारे की प्रगति की समीक्षा की। दिल्ली के सीईओ ने यह भी बताया कि दिल्ली के विभिन्न महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों में नए मतदाताओं के पंजीकरण के लिए विशेष कैंप आयोजित किए गए और ये कल भी जारी रहेंगे। जो पात्र मतदाता अभी तक पंजीकृत नहीं हो पाए हैं, उन्हें पंजीकृत करने के लिए 9 और 11 अक्तूबर को राष्ट्रीय राजधानी के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष कैंपों का एक और दौर आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने यह भी बताया गया कि उन मतदाताओं के लिए विशेष कैंप लगाए जाएंगे जिनकी कॉलोनियां हाल ही में तोड़े जाने के बाद वे विस्थापित हो गए हैं। ऐसी कॉलोनियों के मतदाताओं से अनुरोध है कि वे मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए अपने नए निवास स्थान पर आयोजित कैंपों में जाएं। निर्वाचन आयोग ने कहा कि वह यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि हर पात्र मतदाता का नाम सूची में शामिल हो और अपात्र मतदाता का नाम सूची में शामिल न हो।