सितम्बर 29, 2026 8:46 अपराह्न

printer

सीएक्यूएम ने NCR के लिए संशोधित ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान को मंजूरी दी

वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) ने राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के लिए संशोधित ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान-ग्रैप कार्यक्रम को मंजूरी दे दी है। यह निर्णय कल सीएक्यूएम के अध्यक्ष राजेश वर्मा की अध्यक्षता में हुई बैठक में लिया गया।

पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय ने बताया कि संशोधित कार्यक्रम के अंतर्गत धूल नियंत्रण, ठोस कचरा प्रबंधन और परिवहन से जुड़े कई दोहराए जाने वाले उपायों को पहले चरण में शामिल कर दिया गया है। बीएस-थ्री पेट्रोल और बीएस-फोर डीजल या उससे नीचे के मानक वाले हल्के मोटर वाहनों पर प्रतिबंध अब सोनीपत में भी लागू होगा।

यह प्रतिबंध पहले से गुरुग्राम, फरीदाबाद, गाजियाबाद और गौतम बुद्ध नगर जैसे अधिक वाहन घनत्व वाले जिलों में लागू है। इसके अलावा, दिल्ली के बाहर पंजीकृत बीएस-फोर और उससे नीचे के मानक वाले डीजल चालित हल्के और मध्यम मालवाहक वाहनों के दिल्ली में प्रवेश पर प्रतिबंध को तीसरे चरण के अंतर्गत निर्धारित किया गया है।