तमिलनाडु की धरपुरम और मदुरंतकम आरक्षित सीटों पर कल उपचुनाव होंगे। ज़िला प्रशासन ने मतदाताओं की सुविधा के लिए स्थानीय छुट्टी की घोषणा की है। इन सीटों पर सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक मतदान होगा। शांतिपूर्ण और सुचारू रूप से मतदान के लिए सभी व्यापक प्रबंध किए गए हैं। राज्य में चार महीने पहले तमिलगा वेत्री कड़गम (टी.वी.के) के सत्ता में आने के बाद यह पहला उपचुनाव है।
इस दौरान, राज्य में खाली सात में से दो सीट पर उपचुनाव होंगे। ये सीटें ए.आई.ए.डी.एम.के के दो विधायकों – मदुरंतकम से मरगथम कुमारवेल और धरपुरम से पी. सत्यभामा – के इस्तीफ़े के बाद खाली हुई थीं। बाद में ये दोनों मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के नेतृत्व वाली टी.वी.के में शामिल हो गईं और अब पार्टी ने इन्हीं उम्मीदवारों को मैदान में उतारा है। मदुरंतकम उपचुनाव के लिए कुल 27 उम्मीदवार और धरपुरम सीट के लिए कुल 30 उम्मीदवार मैदान में हैं।
मदुरंतकम में, कुल दो लाख 12 हजार 639 मतदाता 268 मतदान केंद्रों पर वोट डालेंगे। जबकि धरपुरम में, दो लाख 22 हजार 406 मतदाता 282 मतदान केंद्रों पर अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।