आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में आज ब्रिक्स युवा मंत्रियों की बैठक ब्रिक्स युवा मंत्रियों के संयुक्त वक्तव्य को अपनाने के साथ संपन्न हुई। बैठक में ब्रिक्स देशों के बीच युवा सहयोग में हुई प्रगति की समीक्षा की गई और शिक्षा, कौशल, उद्यमिता, नवाचार और सामाजिक विकास में युवाओं के लिए अवसरों का विस्तार करने के तरीकों पर चर्चा की गई।
संयुक्त वक्तव्य में शिक्षा, प्रशिक्षण और कौशल, युवा उद्यमिता, विज्ञान और प्रौद्योगिकी, स्वास्थ्य और खेल, पर्यावरण और सतत विकास, सामाजिक और सांस्कृतिक भागीदारी, स्वयंसेवा, गरीबी उन्मूलन, अंतरधार्मिक संवाद और युवा समावेशन सहित प्रमुख क्षेत्रों की पहचान की गई।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा कि युवाओं को भविष्य को आकार देने में भागीदार होना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत विजन को साकार करने में मदद के लिए राजनीतिक पृष्ठभूमि के बिना एक लाख युवा नेताओं को विकसित करने का आह्वान किया है।
डॉ. मांडविया ने माय भारत प्लेटफॉर्म को स्वयंसेवा, सीखने, नेतृत्व और नागरिक जुड़ाव के लिए एक ही स्थान पर सभी सुविधाएं उपलब्ध कराने वाला मंच बताया। उन्होंने कहा कि इस प्लेटफॉर्म पर ढाई करोड़ से अधिक युवाओं ने पंजीकरण कराया है। बैठक में निर्णय लेने की प्रक्रिया में युवाओं की भागीदारी के लिए अनुकूल वातावरण बनाने, युवा नेतृत्व वाली पहलों को मजबूत करने, नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देने और सीमा पार युवा आदान-प्रदान को विस्तारित करने पर चर्चा हुई।
बैठक के दौरान डॉ. मंडाविया ने दक्षिण अफ्रीका और संयुक्त अरब अमीरात के समकक्षों के साथ द्विपक्षीय बैठकें कीं।