भारतीय जनता पार्टी पंजाब विधानसभा चुनावों में सभी 117 विधानसभा सीट पर चुनाव लड़ेगी। भाजपा के महासचिव (संगठन) बीएल संतोष ने पटियाला में कहा कि पंजाब बदलाव के लिए तैयार है और पार्टी चुनाव जीतकर राज्य में सरकार बनाएगी। श्री संतोष पंजाब के दो दिन के दौरे पर हैं। उनकी यात्रा का उद्देश्य पार्टी के संगठनात्मक कामकाज की समीक्षा करना और चुनावी राज्य में जमीनी स्तर पर समन्वय तथा तैयारियों को मजबूत करना है। पंजाब में विधानसभा चुनाव अगले साल की शुरुआत में होने हैं।
इससे पहले, चंडीगढ़ हवाई अड्डे पर पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों और प्रदेश भाजपा के सह-प्रभारी नरिंदर सिंह रैना ने श्री संतोष का स्वागत किया। उन्होंने कल पटियाला और बठिंडा में बैठकों की अध्यक्षता की। श्री संतोष राज्य में भाजपा नेताओं और संगठनात्मक पदाधिकारियों के साथ कई क्षेत्रीय बैठकें करेंगे।
अपनी यात्रा के दौरान, श्री संतोष पंजाब के विभिन्न क्षेत्रों में भाजपा नेताओं और संगठन के पदाधिकारियों के साथ क्षेत्रीय बैठकें करके आगामी विधानसभा चुनावों के लिए संगठन की गतिविधियों और तैयारियों की समीक्षा करेंगे। इन बैठकों का मुख्य उद्देश्य बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करना और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की नीतियों और उपलब्धियों के बारे में जनता तक जानकारी पहुंचाना होगा।