सितम्बर 2, 2026 4:22 अपराह्न

printer

भाजपा ने पंजाब में अधिकारियों के तबादले और तैनाती में कथित भ्रष्टाचार को लेकर सरकार पर निशाना साधा

भारतीय जनता पार्टी ने पंजाब में अधिकारियों के तबादले और तैनाती में कथित भ्रष्टाचार के मुद्दे पर आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधा। नई दिल्ली में मीडिया से बातचीत में भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने आरोप लगाया कि इन दिनों वरिष्ठ अधिकारियों के तबादले और तैनाती एक तय रेट कार्ड के आधार पर की जा रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के ओएसडी भी इस मामले में शामिल हैं। श्री भाटिया ने कहा कि प्रवर्तन निदेशालय की जांच में यह सामने आया है कि रेट कार्ड में अलग-अलग विभागों में तबादले और तैनाती के लिए दी जाने वाली रकम तय है।

भाजपा प्रवक्ता ने यह भी आरोप लगाया कि संज्ञेय अपराध होने के बावजूद पंजाब पुलिस ने कथित नकद के बदले तबादले के मामले में प्राथमिकी दर्ज नहीं की है। उन्होंने पंजाब के मुख्यमंत्री से इस्तीफे की मांग की और कहा कि मामले की जांच सीबीआई से कराई जानी चाहिए।