रोजगार और जन कल्याण को बढ़ावा देते हुए पश्चिम बंगाल सरकार ने अपने पहले पूर्ण बजट 2026-27 में राज्य के विभिन्न विभागों में एक लाख खाली पदों पर नियुक्ति करने की घोषणा की है। वित्त मंत्री स्वप्न दासगुप्ता द्वारा आज पेश किए गए प्रस्ताव में इन नई नौकरियों में से 33% पद महिलाओं के लिए आरक्षित होंगे; इनमें शिक्षकों और शिक्षा विभाग के कर्मचारियों के लिए 50 हजार पद और पुलिस विभाग में 20 हजार नियुक्तियां शामिल हैं। नौकरी चाहने वालों की मदद के लिए, सरकार ऊपरी उम्र सीमा में मौजूदा पांच साल की छूट को और दो साल के लिए बढ़ा रही है। अग्निवीरों के लिए आवश्यकतानुसार 10% आरक्षण शुरू किया गया है।
बजट में राज्य सरकार के कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को भी बड़ी राहत दी गई है। राज्य कर्मचारियों के लिए महंगाई भत्ता 20% बढ़ाया गया है, जिससे इस साल पहली अक्टूबर से कुल महंगाई भत्ता 38% हो जाएगा। पेंशनभोगियों को भी महंगाई राहत में इसी तरह 20% की बढ़ोतरी मिलेगी। सिविक वॉलंटियर्स, होम गार्ड, ग्रीन पुलिस कर्मियों और एन.वी.एम कर्मचारियों का मासिक मानदेय दो हजार रुपये बढ़ाया गया है।
कल्याणकारी कार्यों के लिए, सरकार ने अन्नपूर्णा योजना के लिए 36 हजार करोड़ रुपये तय किए हैं। जिन लोगों पर कथित तौर पर उनकी राजनीतिक सोच के कारण राजनीतिक कारणों से झूठे मामले दर्ज किए गए थे, उन लोगों के लिए ‘संग्रामी भत्ता’ नाम का एक नया भत्ता भी शुरू किया गया है। स्थानीय विकास पहलों को मजबूत करने के लिए, विधायक स्थानीय क्षेत्र विकास कोष को प्रति निर्वाचन क्षेत्र 70 लाख रुपये से बढ़ाकर एक करोड़ रुपये कर दिया गया है।
बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में, राज्य सरकार ने कोलकाता क्षेत्र के लिए कल्याणी के पास एक नए ग्रीनफील्ड हवाई अड्डे का प्रस्ताव दिया है और इस परियोजना के लिए 1500 एकड़ जमीन की पहचान करने की योजना है। पुरुलिया, बालुरघाट और मालदा में भी क्षेत्रीय हवाई अड्डों का प्रस्ताव दिया गया है।
बजट में दो प्रमुख रक्षा केंद्रों के विस्तार और विकास में मदद के लिए हासीमारा एयर फोर्स स्टेशन को 25 एकड़ और कलाईकुंडा एयर फोर्स स्टेशन को 37 एकड़ जमीन सौंपने का प्रस्ताव भी है।