भारतीय जनता पार्टी ने आज कांग्रेस पर भारतीय धर्म और संस्कृति का अपमान करने का आरोप लगाया है। नई दिल्ली में संवाददाता सम्मेलन में पार्टी सांसद और प्रवक्ता डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने दीपावली पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पार्टी नेता इमरान मसूद के बयानों की आलोचना की।
उन्होंने दावा किया कि भाजपा की नीतियों के केंद्र में विकास है, जबकि विपक्ष की राजनीति उग्रवाद और अल्पसंख्यक तुष्टिकरण पर आधारित है। श्री त्रिवेदी ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के पास राजनीति करने के केवल दो तरीके हैं, या तो हिंदू धर्म का अपमान करना या हिंदू धर्म के नाम पर लोगों को गुमराह करना।
डॉक्टर त्रिवेदी ने भारतीय अर्थव्यवस्था को कथित तौर पर ‘मृत अर्थव्यवस्था’ कहने संबंधी लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की टिप्पणी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि धनतेरस के दिन इसी अर्थव्यवस्था ने अपनी ताकत दिखाई। श्री त्रिवेदी ने कहा कि धनतेरस पर भारत में जितना सोना और चांदी खरीदा गया, उतनी खरीदारी पूरा यूरोप तीन महीने में करता है।