नेपाल में भीषण बाढ़ के बाद बिहार में बाढ़ का खतरा फिलहाल टल गया है। बुधवार रात को गंडक नदी के जलस्तर में वृद्धि के बाद कल से इसमें गिरावट आ रही है। वाल्मीकिनगर बैराज पर गंडक नदी का जलस्तर आज सुबह 6 बजे 99,800 क्यूसेक दर्ज किया गया।
उपमुख्यमंत्री और जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी ने बताया कि नदी का प्रवाह फिलहाल सामान्य है। उन्होंने कहा कि गंडक नदी में पहुंचने से पहले भोटेकोशी, त्रिशूली और नारायणी नदियों से गुजरते हुए जलस्तर कम हो जाता है।
एहतियात के तौर पर गंडक नदी से प्रभावित सभी आठ जिलों को अलर्ट पर रखा गया है। जल संसाधन विभाग की टीमें तटबंधों की चौबीसों घंटे निगरानी और गश्त कर रही हैं।