बेल्जियम के प्रधानमंत्री बार्ट डि वेवर की तीन दिन की भारत यात्रा आज से शुरू हो रही है। इस दौरान वे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय संबंधों और आपसी हितों के सभी क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा होगी।
प्रधानमंत्री डि वेवेर एक व्यावसायिक कार्यक्रम में भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते के संदर्भ में मुख्य भाषण भी देंगे। वे मुंबई की यात्रा पर भी जाएंगे। वहां वे हीरा, बंदरगाह और लॉजिस्टिक्स से जुडे क्षेत्रों के विभिन्न हितधारकों के साथ बातचीत करेंगे। विदेश मंत्रालय ने कहा है कि उनकी यह यात्रा भारत – बेल्जियम के बीच आपसी साझेदारी को सुदृढ करने का एक महत्वपूर्ण अवसर है।
इस दौरान व्यापार और निवेश, रक्षा और सुरक्षा, प्रौद्योगिकी, नवीकरणीय ऊर्जा, संपर्क तथा लोगों के बीच संबंधों सहित आपसी हितों के विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग आगे बढेगा। मंत्रालय ने यह भी कहा है कि बेल्जियम के प्रधानमंत्री की इस यात्रा से भारत और यूरोपीय संघ तथा भारत-यूरोप के बीच संबंध और प्रगाढ़ होंगे।