बांग्लादेश के गाज़ीपुर में हाल ही में की गई न्यूनतम मासिक वेतन में बढ़ोतरी को अपर्याप्त बताते हुए आज कपड़ा उद्योग के श्रमिकों की पुलिस के साथ झड़प हुई। श्रमिकों ने वेतन में और अधिक वृद्धि की मांग की।
खबरों के अनुसार, प्रदर्शनकारी श्रमिकों ने नाओजोर और भोगरा बाईपास सहित कई स्थानों पर ढाका-टांगाइल और ढाका-मयमनसिंह राजमार्गों को जाम कर दिया, जिससे यातायात बाधित हुआ। टोंगी और श्रीपुर में भी प्रदर्शन किए गए। कुछ श्रमिकों ने पुलिसकर्मियों पर ईंट-पत्थर फेंके, जिसके बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस और ध्वनि बमों का इस्तेमाल किया।
आज सुबह दस बजे तक लगभग 20 कारखानों में सामान्य अवकाश घोषित कर दिया गया था, जबकि 35 अन्य कारखाने अनिश्चितकाल के लिए बंद रहे। यह विरोध न्यूनतम वेतन बोर्ड के उस फैसले के बाद शुरू हुआ, जिसमें कपड़ा उद्योग के श्रमिकों का न्यूनतम मासिक वेतन 12 हजार 500 टका से बढ़ाकर 17 हजार टका करने का निर्णय लिया गया।