अमृतसर के अंतरराष्ट्रीय प्रसिद्ध अटारी-वाघा बॉडर पर 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाया गया। सीमा सुरक्षा बल के उप महानिरीक्षक एस.एस. चंदेल ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और सीमा रक्षकों से सलामी ली। इस अवसर पर दो उपनिरीक्षकों को पदोन्नति कर निरीक्षक बनाया गया।
सीमा सुरक्षा बल-बीएसएफ के महानिदेशक प्रवीण कुमार ने भी अटारी सीमा के पास अमृतसर स्थित बीएसएफ के खासा परिसर में राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नई दिल्ली में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस अवसर पर श्रीमती गुप्ता ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस उन अनगिनत वीरों के अदम्य साहस, बलिदान और समर्पण को याद करने का अवसर है, जिन्होंने अपना सर्वस्व न्यौछावर कर स्वतंत्र भारत की गौरवशाली नींव रखी। उन्होंने उन सभी स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि दी, जिनके संघर्ष ने भारत के लोकतंत्र को मजबूत आधार प्रदान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि लहराता तिरंगा केवल देश के गौरवशाली अतीत का प्रतीक ही नहीं, बल्कि उज्ज्वल भविष्य के प्रति हमारा संकल्प भी है।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आज हांसी स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान राष्ट्रीय ध्वज फहराया। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस परेड की टुकड़ियों का निरीक्षण किया और औपचारिक सलामी ली। छात्रों और सुरक्षा कर्मियों ने वंदे मातरम की प्रस्तुति सहित देशभक्ति से ओत प्रोत कई कार्यक्रमों में हिस्सा लिया।
मुख्यमंत्री ने आज़ादी की लड़ाई में अहम भूमिका निभाने वाले स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर हरियाणा पुलिस के 11 अधिकारियों और कर्मियों को पदक से सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री ने विकसित हरियाणा के लिए राज्य के विजन पर बल दिया। उन्होंने राज्य को बदलने के सरकार के आधिकारिक मिशन को दोहराया। उन्होंने नागरिकों से नशीले पदार्थों से दूर रहने, अपने आसपास सफाई बनाए रखने और राज्य-व्यापी नशा-मुक्ति अभियान में सक्रिय रूप से भाग लेने का आह्वान किया।
हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने यमुनानगर में एक अन्य कार्यक्रम में तिरंगा फहराया। पंजाब के राज्यपाल और केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने चंडीगढ़ में राष्ट्रीय ध्वज फहराया।