नवम्बर 11, 2026 5:51 अपराह्न

printer

मध्य प्रदेश के अनुज श्रीवात्री बने भारत के 100वें शतरंज ग्रैंडमास्टर, प्रधानमंत्री मोदी ने दी शुभकामनाएं

मध्य प्रदेश के अनुज श्रीवात्री भारत के 100वें शतरंज ग्रैंडमास्टर बन गए हैं। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने अनुज श्रीवात्री को इस उपलब्धि पर बधाई दी है। प्रधानमंत्री ने इसे देश के लिए गर्व का क्षण बताया।

सोशल मीडिया पोस्ट पर उन्होंने कहा कि भारत ने शतरंज में ग्रैंडमास्टरों का शतक पूरा कर लिया है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि भारतीय शतरंज खिलाड़ियों की प्रतिभा, समर्पण और कड़ी मेहनत के साथ-साथ युवाओं में इस खेल की बढ़ती लोकप्रियता को दर्शाती है।

प्रधानमंत्री ने उम्मीद जताई कि यह उपलब्धि अधिक से अधिक युवाओं को शतरंज अपनाने और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगी।

अनुज श्रीवात्री ने रविवार को फिलीपींस में आयोजित सातवीं आसियान प्लस व्यक्तिगत ओपन शतरंज चैंपियनशिप जीतकर यह उपलब्धि हासिल की। शतरंज के दिग्गज खिलाड़ी विश्वनाथन आनंद वर्ष 1988 में भारत के पहले ग्रैंडमास्टर बने थे।

भारत ने इस वर्ष जुलाई से नवंबर के बीच पांच नए ग्रैंडमास्टर बनाए हैं। अनुज श्रीवात्री से पहले एथन वाज़, हर्षवर्धन जी. बी., एस. अश्वथ और वी. रत्नावेल ने यह प्रतिष्ठित खिताब हासिल किया था।

भारत के पास मौजूदा विश्व शतरंज चैंपियन डी. गुकेश भी हैं, जो इसी महीने के अंत में अपने विश्व खिताब का बचाव करने उतरेंगे।