आंध्र प्रदेश और ऑस्ट्रेलिया की सरकारों ने आज अमरावती में 4 समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए। इनका उद्देश्य स्वच्छ ऊर्जा, उन्नत विनिर्माण, समावेशी शिक्षा, छात्र मानसिक स्वास्थ्य और कौशल विकास के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाना है।
इन समझौतों में से एक के अंतर्गत चयनित उच्च शिक्षण संस्थानों में छात्र मानसिक स्वास्थ्य पर एक प्रौद्योगिकी-आधारित पायलट परियोजना शुरू की जाएगी। यह परियोजना आंध्र प्रदेश राज्य उच्च शिक्षा परिषद और ऑस्ट्रेलिया के रिबाउंड संस्था के सहयोग से लागू की जायगी। समझौतों पर हस्ताक्षर आंध्र प्रदेश के शिक्षा सूचना प्रौद्योगिकी और इलेक्ट्रॉनिक्स मंत्री नारा लोकेश और ऑस्ट्रेलिया के अंतर्राष्ट्रीय शिक्षा, नागरिकता, सीमा शुल्क और बहुसांस्कृतिक मामलों के सहायक मंत्री जूलियन हिल की उपस्थिति में हुए।
इससे पहले, श्री हिल के नेतृत्व में एक ऑस्ट्रेलियाई प्रतिनिधिमंडल ने अमरावती में मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने राज्य के तेजी से हो रहे आर्थिक विकास की जानकारी दी और ऑस्ट्रेलियाई संस्थानों और व्यवसायों को आंध्र प्रदेश में निवेश और सहयोग बढ़ाने के लिए आमंत्रित किया।