मई 19, 2026 10:03 पूर्वाह्न

printer

आंध्र प्रदेश के राज्यपाल एस. अब्दुल नज़ीर ने ‘युवा संगम’ के तहत महाराष्ट्र के छात्रों से बातचीत की

आंध्र प्रदेश के राज्यपाल एस. अब्दुल नज़ीर ने कल विजयवाड़ा के लोक भवन में ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ पहल के अंतर्गत आयोजित ‘युवा संगम’ कार्यक्रम के तहत राज्य का दौरा कर रहे महाराष्ट्र के छात्रों से बातचीत की। विभिन्न शिक्षण संस्थानों के स्नातक, स्नातकोत्तर और शोधार्थियों को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि आंध्र प्रदेश और महाराष्ट्र के बीच मजबूत ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और व्यापारिक संबंध हैं। उन्होंने कहा कि आंध्र प्रदेश एक प्रमुख निवेश केंद्र और समुद्री उत्पादों का अग्रणी निर्यातक बनकर उभरा है। राज्‍यपाल ने कहा कि अमरावती को विश्व स्तरीय बुनियादी ढांचे और अमरावती क्वांटम वैली जैसी नवाचार-संचालित परियोजनाओं के साथ एक राजधानी शहर के रूप में विकसित किया जा रहा है।

राज्यपाल ने कहा कि एम्स मंगलागिरी, आईआईटी तिरुपति, आईआईएसईआर तिरुपति और आईआईएम विशाखापत्तनम सहित कई प्रमुख संस्थानों के साथ आंध्र प्रदेश तेजी से शिक्षा और नवाचार केंद्र के रूप में उभर रहा है।

इस दौरे के दौरान, छात्र प्रतिनिधिमंडल ने अमरावती के रायपुडी स्थित एपीसीआरडीए मुख्यालय का भी दौरा किया।