अक्टूबर 2, 2026 7:14 अपराह्न

printer

आंध्र प्रदेश: वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन ने कहा, रायलसीमा क्षेत्र में बागवानी को मजबूत करेगा वैश्विक बागवानी केंद्र

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन ने कहा है कि वैश्विक बागवानी केंद्र आंध्र प्रदेश के रायलसीमा क्षेत्र में बागवानी को मजबूत करेगा और किसानों के लिए बेहतर अवसर उपलब्‍ध कराएगा।

श्रीमती सीतारामन ने आज अन्नामय्या जिले के मदनपल्ले में रायलसीमा वैश्विक बागवानी केंद्र परियोजना और भारतीय कृषि विद्यालय की आधारशिला रखी। इस अवसर पर आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू और उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण उपस्थित थे।

इस कार्यक्रम में वित्त मंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार आंध्र प्रदेश को प्रमुख बागवानी केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए मिलकर काम कर रहे हैं। उन्होंने किसानों को सहयोग देने और उनकी आय बढ़ाने के लिए बेहतर जल प्रबंधन, आधुनिक प्रौद्योगिकी और बुनियादी ढांचे की आवश्यकता पर बल दिया।

वित्त मंत्री ने पीएम-किसान, फसल बीमा और पीएम-कुसुम सहित केंद्र सरकार की योजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने यह भी कहा कि जलवायु-अनुकूल फसल किस्मों और सौर ऊर्जा से चलने वाले कृषि पंपों को बढ़ावा दिया जा रहा है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारतीय कृषि विद्यालय किसानों को आधुनिक प्रौद्योगिकी, वैज्ञानिक पद्धतियों और अनुसंधान को अपनाने में सहायता करेगा। उन्होंने आशा व्यक्त की कि यह संस्थान विश्व स्तरीय केंद्र के रूप में विकसित होगा।

वैश्विक बागवानी केंद्र दस जिलों को सम्मिलित करेगा और आम, केला, टमाटर और अनार सहित कई फसलों को बढ़ावा देगा। यह परियोजना तीन चरणों में कार्यान्वित की जाएगी, जिसमें लगभग एक लाख करोड़ रुपये का अनुमानित निवेश होगा।

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला