मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने राज्य में तकनीक और शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए आईआईटी के पूर्व छात्रों और विशेषज्ञों से सहयोग की अपील की है। विजयवाड़ा में पैन-आईआईटी आंध्र प्रदेश समिट के बाद उन्होंने कहा कि अमरावती में प्रस्तावित पैन-आईआईटी वर्ल्ड काउंसिल शिक्षा, उद्योग और आईआईटी के पूर्व छात्रों को एक साथ लाने में मदद करेगी। यह काउंसिल राज्य की डीप टेक पॉलिसी के लिए सुझाव देगी। इसमें एआई, क्वांटम कंप्यूटिंग, सेमीकंडक्टर, अंतरिक्ष और रक्षा, स्वास्थ्य और एग्रीटेक जैसे क्षेत्र शामिल होंगे।
आंध्र प्रदेश का लक्ष्य देश के एक करोड़ एआई-कुशल लोगों के लक्ष्य में 50 लाख लोगों का योगदान देना है। समिट में पैन-आईआईटी अमरावती डिक्लेरेशन 2026 भी जारी किया गया। इसमें डीप टेक स्टार्टअप्स के लिए 500 करोड़ रुपये का फंड, 10 इंडस्ट्री विशेषज्ञ पद और 100 वैश्विक आईआईटी मेंटर्स का नेटवर्क बनाने का प्रस्ताव है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन पहलों से राज्य में रिसर्च, स्टार्टअप और उद्योग-शिक्षा के बीच सहयोग को बढ़ावा मिलेगा।