आइज़ोल के सूचना और जनसंपर्क मंत्री पु बी. लालछनज़ोवा ने कहा कि आकाशवाणी आइजोल ने मिज़ो पहचान को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि आकाशवाणी ने ज़ो समुदायों के बीच एकता को बढ़ावा देने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच के रूप में कार्य किया है।
आकाशवाणी आइजोल की हीरक जयंती के अवसर पर अपने संदेश में श्री लालछनज़ोवा ने कल कहा कि 1966 में अपनी स्थापना के बाद से यह स्टेशन मिज़ोरम के लोगों के लिए सूचना का एक विश्वसनीय स्रोत बना हुआ है। उन्होंने कहा कि आकाशवाणी आइजोल ने मिज़ो भाषा, संस्कृति, रीति-रिवाजों और परंपराओं के संरक्षण और संवर्धन में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
सूचना और जनसंपर्क मंत्री ने स्टेशन के कर्मचारियों की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि आकाशवाणी आइजोल के प्रसारण से न केवल मिज़ोरम बल्कि पड़ोसी राज्यों को भी लाभ हुआ है और यह ज़ो समुदायों के बीच संबंधों को मजबूत करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम रहा है।
श्री लालछनज़ोवा ने कहा कि इस केंद्र ने सूचना और जानकारियों के प्रसार में मिजोरम सरकार के साथ घनिष्ठ समन्वय से काम किया है। उन्होंने कहा कि यह स्टेशन सरकार की नीतियों, कल्याणकारी योजनाओं और विकास पहलों को जनता तक पहुंचाने के सबसे प्रभावी मंचों में से एक है।