आकाशवाणी समाचार के महानिदेशक राजीव कुमार जैन ने आज श्रीनगर स्थित आकाशवाणी केंद्र में उत्तरी क्षेत्र के क्षेत्रीय चैनल प्रबंधकों के साथ समीक्षा बैठक की। इसमें उत्तरी क्षेत्र के आकाशवाणी केंद्रों के कामकाज और प्रसारण की समीक्षा की गई।
इस अवसर पर श्री जैन ने क्षेत्रीय चैनल प्रबंधकों से पिछले वर्ष लागू विकेंद्रीकृत ढांचे के अंतर्गत मिली शक्तियों और कार्य करने की स्वतंत्रता का पूरा उपयोग करने को कहा। उन्होंने कहा कि बैठक का उद्देश्य क्षेत्रीय चैनल प्रबंधकों के सामने आ रही समस्याओं को समझना, उनकी प्रतिक्रिया लेना और समस्याओं के समाधान तलाशना है।
महानिदेशक ने कहा कि क्षेत्रीय चैनल प्रबंधकों के प्रदर्शन की नियमित समीक्षा की जाती है। उन्होंने कहा कि आकाशवाणी केंद्रों को जनसेवा और व्यावसायिक जिम्मेदारियों को साथ लेकर चलना होगा।
श्री जैन ने कहा कि बैठक में हुई चर्चा देशभर के आकाशवाणी केंद्रों की प्रसारण गतिविधियों को और मजबूत करने में महत्वपूर्ण साबित होगी।