भारतीय वायु सेना ने 4 अक्टूबर को होने वाली सेखों भारतीय वायु सेना मैराथन-2026 से पहले चंडीगढ़ के सुखना झील के पास एक दौड़ का आयोजन किया। इस दौड़ में चंडीगढ़, मोहाली और आसपास के क्षेत्रों से युवाओं, वायु सैनिकों, पूर्व सैनिकों और आम लोगों सहित 300 से अधिक लोगों ने भाग लिया। इस आयोजन का उद्देश्य आगामी मैराथन का प्रचार करना और लोगों को स्वस्थ और सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना था।
यह मैराथन परमवीर चक्र से सम्मानित फ्लाइंग ऑफिसर निर्मलजीत सिंह सेखों को श्रद्धांजलि अर्पित करेगी। 4 अक्टूबर को होने वाले इस आयोजन में हाफ मैराथन, 10 किलोमीटर की ओपन रन, 5 किलोमीटर की फिटनेस रन, 3 किलोमीटर की फन रन और दिव्यांगों के लिए 2 किलोमीटर की दौड़ शामिल होगी।