जल जीवन मिशन के दूसरे चरण के अंतर्गत जलापूर्ति प्रणालियों के संचालन और रख-रखाव कौशल कार्यक्रम के लिए आज पेयजल और स्वच्छता विभाग तथा प्रशिक्षण महानिदेशालय के बीच एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए। इसके अंतर्गत ‘नल जल मित्र’ कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य प्रशिक्षित और प्रमाणित कामगारों का एक समूह तैयार करना है, जो ग्रामीण क्षेत्रों में पाइप से जलापूर्ति प्रणालियों के संचालन और रखरखाव में सहायता कर सके। इसके लिए देशभर के औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों-आईटीआई और राष्ट्रीय कौशल प्रशिक्षण संस्थानों के मौजूदा तंत्र का उपयोग किया जाएगा।
जल शक्ति मंत्रालय के अनुसार, जल जीवन मिशन की विस्तारित अवधि के दौरान कम से कम 1 लाख उम्मीदवारों को प्रशिक्षण और प्रमाणन देने का लक्ष्य रखा गया है। इस कार्यक्रम पर लगभग 111 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। इस समझौते पर जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल, जल शक्ति राज्य मंत्री वी. सोमन्ना और कौशल विकास एवं उद्यमिता राज्य मंत्री जयंत चौधरी की उपस्थिति में हस्ताक्षर किए गए।