अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने कहा है कि इज़रायल से बातचीत के बाद ईरान के साथ एक समझौते पर काफी हद तक सहमति बन चुकी है। उन्होंने कहा कि समझौते में होर्मुज जलडमरूमध्य खोलना भी शामिल है। श्री ट्रंप ने कहा कि समझौते के अंतिम पहलुओं और विवरणों पर चर्चा जारी है और शीघ्र ही इसकी घोषणा की जाएगी, लेकिन उन्होंने समझौते की समय-सीमा के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी।
राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि समझौते के बारे में इज़रायल के साथ सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात, कतर, पाकिस्तान, तुर्किए, मिस्र, जॉर्डन और बहरीन से बात की गई है।
ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बाक़ाई ने इससे पहले अमरीकियों पर विरोधाभासी बयान देने का आरोप लगाया। ईरान में आठ अप्रैल को युद्धविराम पर सहमति बनी थी और तब से अमरीका और ईरान के बीच दीर्घकालिक शांति समझौते के लिए बातचीत जारी है। अमरीका की ईरान के बंदरगाहों की नाकेबंदी के कारण ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद कर दिया है।