मेघालय और असम सरकार के बीच आज गुवाहाटी में संयुक्त बैठक हुई। इसमें 19 अगस्त को शिलॉन्ग में असम में पंजीकृत वाहनों में तोड़फोड़ की घटना के बाद की स्थिति पर चर्चा की गई। मेघालय के उपमुख्यमंत्री डॉ. स्नियावभालंग धर और असम सरकार में सीमा संरक्षण, असम समझौता कार्यान्वयन और विकास मंत्री अतुल बोरा ने गुवाहाटी के कोइनाधारा स्टेट गेस्ट हाउस में दोनों राज्यों की सरकारों के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में संयुक्त बैठक की अध्यक्षता की।
संयुक्त बैठक में जिला स्तर पर संयुक्त समितियों के गठन का निर्णय लिया गया। इन समितियों का उद्देश्य अंतरराज्यीय सीमा से जुड़े रोजमर्रा के मुद्दों का त्वरित समाधान करना है। इन समितियों में नोंगपोह के उपायुक्त और कामरूप महानगरपालिका के जिला आयुक्त के साथ-साथ दोनों जिलों के संबंधित स्तर के पुलिस अधिकारी शामिल होंगे।
मेघालय और असम दोनों राज्यों के सचिव स्तर के परिवहन प्राधिकरणों और पर्यटन वाहन संघों के प्रतिनिधियों को मिलाकर एक संयुक्त समिति का गठन किया जाएगा। इसका उद्देश्य पर्यटन परिवहन की सुगमता और नियमन करना तथा असम और मेघालय के साझा पर्यटन हितों की रक्षा करना है