सुरों के जादूगर किशोर कुमार की जयंती पर उनकी जन्मस्थली खंडवा में पूरे दिन उत्साह का माहौल रहा। देशभर से पहुंचे हजारों प्रशंसकों ने उनकी समाधि पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। समाधि परिसर में दिनभर किशोर कुमार के सदाबहार गीत गूंजते रहे।
बड़ी संख्या में संगीत प्रेमियों ने बॉम्बे बाजार स्थित उनके पैतृक निवास का भी भ्रमण किया। समाधि स्थल पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में कलाकारों ने उनके लोकप्रिय गीत प्रस्तुत किए। इस मौके पर जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और प्रशंसकों ने केक काटकर जन्मोत्सव मनाया।