प्रधानमंत्री स्मृति चिह्नों की इस वर्ष आयोजित आठवीं ई-नीलामी में शामिल 27 स्मृति चिह्न उत्तराखंड की देवभूमि के रूप में पहचान को दर्शाते हैं। ये स्मृति चिह्न राज्य की आस्था, कला और सांस्कृतिक विरासत के आपसी जुड़ाव को उजागर करते हैं।
इस संग्रह में उत्तराखंड के चार प्रमुख मंदिरों के मॉडल शामिल हैं। इनमें श्री केदारनाथ धाम के दो मॉडल, उखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर का एक मॉडल और मुखबा स्थित गंगा जी मंदिर का लकड़ी से बना मॉडल शामिल है। ये मॉडल राज्य की सांस्कृतिक और धार्मिक परंपराओं में तीर्थयात्रा और आस्था के महत्व को दर्शाते हैं।
संग्रह में उत्तराखंड के बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन के हस्ताक्षर वाला एक बैडमिंटन रैकेट भी शामिल है। यह राज्य की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के साथ उसकी खेल उपलब्धियों को भी दर्शाता है।
प्रधानमंत्री स्मृति चिह्नों की आठवीं ई-नीलामी अब 31 अक्टूबर तक बढ़ा दी गई है। संस्कृति मंत्रालय ने इच्छुक बोलीदाताओं से नीलामी की तारीखों, भागीदारी से जुड़ी जानकारी और सभी स्मृति चिह्नों की सूची के लिए आधिकारिक पोर्टल pmmementos.gov.in पर जाने को कहा है।