मई 24, 2026 11:29 पूर्वाह्न

printer

एनपीटी की समीक्षा के लिए आयोजित चार सप्ताह का सम्मेलन बिना किसी निष्कर्ष के समाप्त

संयुक्त राष्ट्र में परमाणु अप्रसार संधि (एनपीटी) की समीक्षा के लिए आयोजित चार सप्ताह का सम्मेलन बिना किसी निष्कर्ष के समाप्त हो गया। सम्मेलन के अध्यक्ष और संयुक्त राष्ट्र में वियतनाम के स्थायी प्रतिनिधि राजदूत डो हुंग वियत ने इस पर निराशा व्यक्त करते हुए संधि के “भविष्य और प्रभावशीलता” को लेकर चिंता जताई।

एनपीटी के पक्षकार देशों का 11वां समीक्षा सम्मेलन 27 अप्रैल से 22 मई तक संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में आयोजित किया गया था। यह सम्मेलन ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर अमरीका, इस्रराएल और ईरान के बीच बढ़ते वैश्विक तनाव के बीच आयोजित हुआ।

सम्मेलन के अध्यक्ष डो हुंग वियत ने कहा कि उन्हें इस बात का खेद है कि सम्मेलन किसी अंतिम निष्कर्ष दस्तावेज़ पर सहमति नहीं बना सका।एनपीटी का उद्देश्य परमाणु हथियारों के प्रसार को रोकना, परमाणु निरस्त्रीकरण और पूर्ण वैश्विक निरस्त्रीकरण को बढ़ावा देना तथा परमाणु ऊर्जा के शांतिपूर्ण उपयोग में सहयोग को प्रोत्साहित करना है। संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतेरस ने भी सम्मेलन में सहमति नहीं बनने पर निराशा व्यक्त की।