राजस्व आसूचना निदेशालय ने असम और मिजोरम में दो तलाशी अभियानों में 76 किलोग्राम मेथम्फेटामाइन गोलियां जब्त की हैं। वित्त मंत्रालय ने बताया कि नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंसेस अधिनियम, 1985 के प्रावधानों के तहत दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है। मंत्रालय ने बताया कि प्रतिबंधित सामग्री को ट्रक चालक के केबिन में चालक की सीट के पीछे छिपाया गया था, जिनमें 1 किलोग्राम वजन के 36 पैकेट और 200 ग्राम वजन के 100 छोटे पैकेट थे।
मेथम्फेटामाइन एक शक्तिशाली सिंथेटिक मनोउत्तेजक ड्रग्स है, जिसका दुरुपयोग और लत लगने की आशंका बहुत अधिक होती है। इसके अवैध सेवन से गंभीर शारीरिक और मनोवैज्ञानिक असर हो सकते हैं, जिनमें हृदय संबंधी जटिलताएं, बेचैनी, व्यामोह और मनोविकृति शामिल हैं।