अगस्त 17, 2026 1:31 अपराह्न

printer

बिहार के लखीसराय के अशोक धाम मंदिर में भगदड़ में 7 लोगों की मौत

बिहार के लखीसराय जिले के अशोक धाम मंदिर में हुई भगदड़ में सात महिला श्रद्धालुओं की मृत्‍यु हो गई। सावन माह के तीसरे सोमवार को जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ एकत्र थी। दस से अधिक श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को पटना मेडिकल कॉलेज अस्‍पताल और जिले के सदर अस्‍पताल में भर्ती कराया गया है।

हमारे संवाददाता ने बताया कि भगदड़ अशोक धाम स्‍टेशन से मंदिर तक के रास्‍ते में बिजली के खंभे में करंट आने की अफवाह से हुई। राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और उपराष्‍ट्रपति सी.पी. राधाकृष्‍णन ने लखीसराय भगदड़ में श्रद्धालुओं की मृत्‍यु पर गहरा दुख व्‍यक्‍त किया है। राष्‍ट्रपति और उपराष्‍ट्रपति ने सोशल मीडिया पोस्‍ट में मृतकों के परिवार के प्रति संवेदना व्‍यक्‍त की और घायलों के शीघ्र स्‍वस्‍थ होने की प्रार्थना की।

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने लखीसराय में भगदड़ में लोगों के मारे जाने पर दुख व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। उन्‍होंने कहा कि स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों की हरसंभव सहायता कर रहा है।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी लखीसराय के अशोक धाम मंदिर में भगदड़ में श्रद्धालुओं के मारे जाने पर दुख व्‍यक्‍त किया है। श्री सिंह ने सोशल मीडिया पोस्‍ट में दुखी परिजनों के प्रति संवेदना व्‍यक्‍त की और घायलों के शीघ्र स्‍वस्‍थ होने की कामना की। उन्‍होंने इस दर्दनाक हादसे के पीड़ि‍त हर व्‍यक्ति के लिए कठिन समय में धैर्य बनाए रखने की प्रार्थना की।

वहीं प्रदेश के मुख्‍यमंत्री सम्राट चौधरी ने हादसे पर गहरा दुख व्‍यक्‍त किया है और प्रशासन को घायलों का समुचित उपचार सुनिश्चित करने को कहा है। उन्‍होंने मृतकों के निकट परिजन के लिए चार-चार लाख रुपये अनुग्रह राशि की घोषणा की है।