नवम्बर 11, 2026 2:03 अपराह्न

printer

प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में 12 वर्षों में 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले: उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन

उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने आज थूथुकुडी में वी. ओ. चिदंबरम कॉलेज के प्लेटिनम जुबली समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्ष के दौरान देश में 50 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला गया है। उपराष्ट्रपति ने कहा कि देश की प्रगति में हर नागरिक को अपना योगदान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि दुनिया दो ऐतिहासिक नेताओं को याद रखेगी। इनमें एक हैं अमरीका के पूर्व राष्ट्रपति अब्राहम लिंकन, जिन्होंने गुलामी की प्रथा समाप्त की और समानता को बढ़ावा दिया। दूसरे हैं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, जिन्होंने लोगों को भुखमरी से बाहर निकालने और देश के ग्रामीण तथा शहरी क्षेत्रों में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने का काम किया है।

श्री राधाकृष्णन ने आपातकाल के दौरान अपने छात्र जीवन को स्‍मरण किया और बताया कि किस तरह वे जेल जाने से बच निकले थे। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानी और कुशल वकील वी. ओ. चिदंबरम के योगदान का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि चिदंबरम ने स्वतंत्रता संग्राम के लिए अपनी संपत्ति तक समर्पित कर दी थी, जिसके बाद उन्हें गरीबी और भुखमरी का सामना करना पड़ा। उपराष्ट्रपति ने कहा कि राष्ट्रवाद ही वह विचार है, जो देश की एकता बनाए रख सकता है और 2047 तक भारत को महाशक्ति बनाने के लक्ष्य को हासिल करने में मदद कर सकता है। उन्होंने यह कि केंद्र सरकार ने देश में आठ केंद्रीय विश्वविद्यालय स्थापित किए हैं।