मई 27, 2026 12:02 अपराह्न

printer

इज़रायल के हवाई हमलों में दक्षिणी लेबनान में 31 लोगों की मौत, 40 अन्य घायल

इज़रायल के हवाई हमलों में दक्षिणी लेबनान में 31 लोग मारे गए और 40 अन्य घायल हो गए। लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार इज़रायल और हिजबुल्लाह के बीच बढ़ते सीमावर्ती तनाव के बीच कल कई कस्बों और गांवों को निशाना बनाकर हमले किए गए। अधिकारियों ने बताया कि सबसे घातक हमला दक्षिणी शहर टायर के पास बुर्ज अल शेमाली इलाके में हुआ, जहां 14 लोगों की जान चली गई और 16 अन्य घायल हो गए।

कुथारिये अल सियाद में पांच लोग मारे गए और छह घायल हो गए। हबौश में चार लोगों की मौत हुई और 10 अन्य घायल हो गए। माराका में छह लोग मारे गए जबकि सेला में दो अन्य लोगों की मौत हो गई।

इज़रायल की ओर से इस हमले पर तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। हालांकि, इज़रायल लगातार यह कहता रहा है कि दक्षिणी लेबनान में उसके अभियान हिजबुल्लाह के ठिकानों और बुनियादी ढांचे को निशाना बना रहे हैं। इस बीच, हिजबुल्लाह ने उत्तरी इस्राएल में हमले जारी रखे हैं, जिससे व्यापक क्षेत्रीय संघर्ष की आशंका बढ़ गई है।

यह हमले 16 अप्रैल को अमरीका की मध्यस्थता से इज़रायल और हिजबुल्लाह के बीच संघर्ष रोकने के लिए कराए गए युद्धविराम समझौते के बाद हुए है। 10 दिन के युद्धविराम को अप्रैल के अंत में बढ़ाया गया था बाद में 15 मई को इज़रायल और लेबनान के बीच बातचीत के लिए और समय देने हेतु 45 दिनों का एक और विस्तार किया गया। हालांकि, युद्धविराम अवधि के दौरान लगातार गोलीबारी और बार-बार हवाई हमलों ने इस चिंता को बढ़ा दिया है कि यह नाजुक युद्धविराम एक व्यापक क्षेत्रीय संघर्ष में बदल सकता है।