भारत और अमरीका के बीच 22वां संयुक्त सैन्य अभ्यास समारोह आज उत्तराखंड में आयोजित किया गया। यह सैन्य अभ्यास उत्तराखंड के औली और राजस्थान के महाजन फील्ड फायरिंग रेंज में एक साथ आयोजित किया जा रहा है। रक्षा मंत्रालय ने बताया कि इस अभ्यास का उद्देश्य दोनों सेनाओं की संयुक्त सैन्य क्षमता बढ़ाना है। इसके अंतर्गत पहाड़ी और अर्ध-पहाड़ी क्षेत्रों में ‘इंटीग्रेटेड बैटल ग्रुप्स’ की तैनाती और पैदल सेना के नेतृत्व वाले अभियानों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
मंत्रालय के अनुसार युद्धाभ्यास से दोनों सेनाओं के बीच आपसी तालमेल मजबूत होगा, सर्वोत्तम परिचालन पद्धतियों के आदान-प्रदान और संयुक्त योजना तथा निष्पादन को बल मिलेगा। इस दौरान निगरानी और टोही ड्रोन तथा स्वायत्त प्रणालियों का इस्तेमाल होगा। महाजन फील्ड फायरिंग रेंज में आधुनिक हथियार प्रणालियों का प्रदर्शन भी किया जाएगा।