अक्टूबर 15, 2026 10:46 पूर्वाह्न

printer

आज देशभर में मनाया जा रहा है महिला किसान दिवस

आज देशभर में महिला किसान दिवस मनाया जा रहा है। कृषि और किसान कल्याण विभाग इस अवसर पर आज नई दिल्ली में राष्‍ट्रीय स्‍तर के कार्यक्रम आयोजित करेगा। इसका उद्देश्य भारतीय कृषि में महिलाओं के योगदान को मान्यता देना है।

कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय ने कहा कि भारत की कृषि प्रणाली का अभिन्न अंग होने के कारण महिलाएं बुवाई, रोपाई और कटाई से लेकर पशुधन प्रबंधन, बीज संरक्षण और प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन तक कई महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाती हैं।

जैव विविधता संरक्षण में अपने पारंपरिक ज्ञान, उद्यमशीलता की पहल और टिकाऊ कृषि पद्धतियों को अपनाने के माध्यम से महिलाएं ग्रामीण आजीविका को मजबूत करती हैं और खेती-किसानी को अधिक लचीला बनाती हैं। मंत्रालय ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र विकसित कृषि और विकसित भारत के निर्माण में महिला किसानों की भूमिका विषय के साथ आज अंतर्राष्ट्रीय ग्रामीण महिला दिवस मना रहा है।    

मंत्रालय ने कहा कि भारतीय कृषि को अधिक उत्पादक और आत्मनिर्भर बनाने में महिला किसानों का योगदान महत्वपूर्ण है। मंत्रालय ने बताया कि संयुक्त राष्ट्र ने 2026 को अंतर्राष्ट्रीय महिला किसान वर्ष 2026 घोषित किया है, जो कृषि-खाद्य प्रणालियों में उनके योगदान को मान्यता देने के लिए एक वैश्विक मंच प्रदान करता है। इसमें कृषि क्षेत्र में महिलाओं के लिए अवसरों को बढ़ाने और संसाधनों, प्रौद्योगिकी तथा संस्थागत सहायता तक उनकी पहुंच को मजबूत करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया है।

यह कार्यक्रम राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों, विस्तार शिक्षा संस्थानों, राज्य कृषि प्रबंधन और विस्तार प्रशिक्षण संस्थान तथा राष्ट्रीय कृषि विस्तार प्रबंधन संस्थान में भी मनाया जाएगा। इस कार्यक्रम में निर्वाचित प्रतिनिधि, अधिकारी, वैज्ञानिक, विस्तार कार्यकर्ता और अन्य हितधारकों के साथ 50 से लेकर 100 तक महिला किसान भी भाग लेंगी।