बांग्लादेश में पिछले 24 घंटों में खसरे के लक्षण वाली बीमारी से 16 लोगों की मृत्यु हो गई है। इस वर्ष ऐसे मामलों में मृतकों की संख्या 528 हो गई है। स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय के अनुसार, इस दौरान 1,300 से अधिक नए संदिग्ध मामले दर्ज हुए। इस वर्ष मार्च से अब तक देश में खसरे के 8,600 से अधिक पुष्ट मामले सामने आए हैं, जबकि देशभर में संदिग्ध संक्रमित लोगों की संख्या 63 हजार से अधिक हो गई है।
बढ़ते प्रकोप के बीच, यूनिसेफ ने कहा कि उसने नोबेल पुरस्कार विजेता प्रोफेसर मुहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार को टीकों की संभावित कमी और टीकाकरण में व्यवधान के बारे में बार-बार चेतावनी दी थी। रिपोर्टों के अनुसार, टीकों की खरीद में देरी से आपूर्ति में कमी आई और नियमित टीकाकरण कार्यक्रम प्रभावित हुए।