नवम्बर 17, 2026 11:53 पूर्वाह्न

printer

उत्तराखंड में दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में 12 लोगों की मौत, 31 घायल

उत्तराखंड में दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में 12 लोगों की मौत हो गई है और 31 अन्य घायल हुए हैं। पहली दुर्घटना आज सुबह टिहरी जिले के गूलर के पास हुई, जहां हरिद्वार से बद्रीनाथ जा रही यात्रियों से भरी एक बस गहरी खाई में गिर गई। हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 यात्री घायल हुए हैं। घटना की सूचना मिलते ही राज्य आपदा मोचन बल, पुलिस और स्थानीय लोग टीम मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू किया। दुर्गम रास्तों के बावजूद बचाव दलों ने घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। घायलों का इलाज एम्स ऋषिकेश और ऋषिकेश के सरकारी अस्पताल में चल रहा है।

वहीं, दूसरी दुर्घटना कल रात रुद्रप्रयाग जिले की क्यूंजा घाटी में हुई। अगस्त्यमुनि विकासखंड के कंडारा मार्ग पर पोखरी में विवाह समारोह से लौट रहा वाहन गहरी खाई में गिर गया। वाहन में दस लोग सवार थे। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हुए हैं। पुलिस, राज्‍य आपदा मोचन बल और स्थानीय लोगों ने बचाव अभियान चलाकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल चार लोगों को श्रीनगर बेस अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने उत्तराखंड में हुई सडक दुर्घटनओं पर दुख व्यक्त किया है। सोशल मीडिया पोस्‍ट में राष्‍ट्रपति ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की।

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने भी इन दुर्घटनओं पर दुख व्यक्त किया है और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।