अगस्त 4, 2026 7:53 पूर्वाह्न

printer

भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी आज कोरिया मास्टर्स 2026 बैडमिंटन टूर्नामेंट में अपना अभियान शुरू करेंगे

भारत के बैडमिंटन सितारे आज से दक्षिण कोरिया में शुरू हो रहे बीडब्ल्यूएफ सुपर 300 टूर्नामेंट, कोरिया मास्टर्स में अपने अभियान की शुरुआत करेंगे। यह टूर्नामेंट 9 अगस्‍त तक चलेगा।

सभी की निगाहें 17 वर्षीय तन्वी शर्मा पर होंगी, जिन्होंने ताइपे ओपन में अपना पहला बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर खिताब जीतकर इस टूर्नामेंट में प्रवेश किया है। इस युवा भारतीय खिलाड़ी ने फाइनल में वियतनाम की गुयेन थुई लिन्ह को हराकर सुपर 300 या उससे ऊपर का खिताब जीतने वाली चौथी भारतीय महिला बनने का गौरव प्राप्त किया। तन्वी भारत की महिला एकल टीम का नेतृत्व करेंगी।

पुरुष एकल में, किदांबी श्रीकांत अमरीकी ओपन में उपविजेता रहने और पूरी तरह फिट होकर वापसी कर रहे हैं। भारत के पास सभी श्रेणियों में मजबूत दल है। महिला एकल में मालविका बंसोड़, अनमोल खरब, इशरानी बरुआ, आकर्षी कश्यप, अश्मिता चालिहा, तान्या हेमंथ, मानसी सिंह, रक्षिता श्री संतोष रामराज और श्रियांशी वलीशेट्टी भी एक्शन में होंगी।

पुरुष एकल टीम में श्रीकांत के साथ किरण जॉर्ज, मिथुन मंजूनाथ, थारुन मन्नेपल्ली, रौनक चौहान और सनेथ दयानंद शामिल हैं।

महिला युगल में सोनाली सिंह और रितिका ठाकर के साथ प्रिया कोनजेंगबाम और श्रुति मिश्रा प्रतिस्पर्धा करेंगी। पुरुष युगल में, कृष्ण प्रसाद गरागा और पृथ्वी कृष्णमूर्ति रॉय, भार्गव राम अरिगेला और विश्व तेज गोबुरु, और अच्युतादित्य राव डोड्डावारापु और पोचना अर्जुन रेड्डी एक्शन में होंगे।

मिश्रित युगल स्पर्धा में ईशान भटनागर और श्रुति मिश्रा, ध्रुव रावत और मनीषा के, तथा सत्विक रेड्डी कानापुरम और राधिका शर्मा भाग लेंगे।

कोरिया मास्टर्स भारतीय खिलाड़ियों के लिए बीडब्ल्यूएफ विश्व चैंपियनशिप से पहले आत्मविश्वास और रैंकिंग अंक हासिल करने का महत्वपूर्ण अवसर है, जो इस महीने के अंत में नई दिल्ली में आयोजित की जाएगी।