मई 23, 2026 3:26 अपराह्न

printer

बांग्लादेश में महिलाओं और बच्चों के खिलाफ बढ़ती हिंसक घटनाओं पर यूनिसेफ ने जताई चिंता

बांग्लादेश में महिलाओं और बच्चों के खिलाफ बढ़ती हिंसक घटनाओं पर यूनिसेफ ने गहरी चिंता व्यक्त की है। सुरक्षा प्रणालियों को मजबूत करने और पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए तत्काल कदम उठाने का आह्वान किया है। कल जारी एक बयान में बांग्लादेश में यूनिसेफ की प्रतिनिधि राणा फ्लावर्स ने कहा कि संगठन उन स्थानों पर बच्चों के साथ दुष्‍कर्म और हत्या के हालिया मामलों से बेहद आहत और दुखी है।

श्री राणा ने कहा कि 2026 में बांग्लादेश में महिलाओं और बच्चों के खिलाफ क्रूर तथा यौन हिंसा की बढ़ती रिपोर्टें मजबूत बाल संरक्षण उपायों, लिंग आधारित हिंसा की रोकथाम, बाल-हितैषी न्याय प्रणालियों और बेहतर सामाजिक सहायता सेवाओं की तत्काल आवश्यकता को उजागर करती हैं।

यूनिसेफ ने इस बात पर भी बल दिया कि अपराधियों को मिलने वाली माफी की संस्कृति का अंत होना चाहिए। इसने स्कूलों, मदरसों, कार्यस्थलों, मोहल्लों और देखभाल संस्थानों से कड़ी जवाबदेही का आह्वान किया।

संयुक्त राष्ट्र एजेंसी ने जनता और मीडिया से अपील की कि वे पीड़ितों की तस्वीरों, वीडियो या व्यक्तिगत विवरण को सोशल मीडिया पर साझा करने से बचकर पीड़ितों की गरिमा और निजता का सम्मान करें। विभाग ने लोगों को चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 सहित उपलब्ध सुरक्षा सेवाओं के माध्यम से दुर्व्यवहार और शोषण की रिपोर्ट करने के लिए प्रोत्साहित किया।