पत्तन पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने कहा है कि फारस की खाड़ी में कल प्रक्षेपास्त्र से हुए हमले के बाद लाइबेरिया के झंडे वाले बड़े तेलवाहक जहाज एमटी फुजैराह एनर्जी पर सवार सभी छह भारतीय नाविक सुरक्षित हैं।
सोशल मीडिया पोस्ट में श्री सोनोवाल ने बताया कि जहाज अल रुवैस से दुबई जा रहा था, तभी उस पर प्रक्षेपास्त्र से हमला हुआ। उन्होंने बताया कि चालक दल के चार सदस्य घायल हुए हैं, जिनमें एक भारतीय नागरिक भी शामिल है, जिसका उपचार किया जा रहा है।
श्री सोनोवाल ने कहा कि जहाज पर सवार 18 सदस्य सुरक्षित हैं। उन्होंने बताया कि भारत स्थिति पर निरन्तर नजर रख रहा है।