केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की फेसबुक पोस्ट पर प्रतिबंध लगाने को लेकर सोशल मीडिया कंपनी मेटा की ग्लोबल टीम को तलब किया है। उनसे एल्गोरिदम में पूर्वाग्रह और सार्वजनिक व्यवस्था में उनकी भूमिका से संबंधित मुद्दों पर पूछताछ की जाएगी। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि मेटा की ग्लोबल टीम से अगले सप्ताह के मध्य में पूछताछ होने की संभावना है। मेटा से एल्गोरिदम में पूर्वाग्रह, उनके एल्गोरिदम के संचालन के तरीके और सार्वजनिक व्यवस्था में कंपनी की भूमिका के बारे में स्पष्टीकरण मांगा जाएगा। टीम को संसदीय समिति के समक्ष भी पेश होना होगा।
इससे पहले, सरकार ने इस सप्ताह की शुरुआत में मेटा के एक शीर्ष अधिकारी को उस समय तलब किया था जब प्रधानमंत्री मोदी की युवाओं को संबोधित करने और पेपर लीक के खिलाफ कड़े कदम उठाने के वादे वाली पोस्ट को फेसबुक पर कुछ समय के लिए प्रतिबंधित कर दिया गया था। मेटा ने इस घटना का कारण तकनीकी गड़बड़ी बताते हुए माफी मांगी, जबकि इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने इस स्पष्टीकरण को अपर्याप्त पाया।