अगस्त 10, 2026 9:02 पूर्वाह्न

printer

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नागरिकों से हर घर तिरंगा अभियान में शामिल होने और घरों पर तिरंगा फहराने का आह्वान किया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नागरिकों से हर घर तिरंगा अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लेने और विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने के अपने सामूहिक संकल्प को नवीकृत करने का आग्रह किया है।

श्री मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि तिरंगा हमारा गौरव है और राष्ट्र के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ देने की निरंतर प्रेरणा का स्रोत है। प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्हें प्रसन्‍नता है कि इस वर्ष के प्रयास वंदे मातरम को समर्पित हैं और वह भी ऐसे समय में जब हम इसकी 150वीं वर्षगांठ मना रहे हैं।

संस्कृति मंत्रालय ने कहा कि इस वर्ष का हर घर तिरंगा अभियान तिरंगा यात्राओं, तिरंगा रैलियों, तिरंगा संगीत कार्यक्रमों और सामूहिक रूप से वंदे मातरम के गायन के माध्यम से देश भर की सड़कों और घरों में देशभक्ति की भावना लाने का प्रयास करेगा।

मंत्रालय ने कहा कि वंदे मातरम की 150वीं वर्षगांठ नागरिकों को स्वतंत्रता दिवस समारोह के हिस्से के रूप में राष्ट्रगीत का उत्‍सव मनाने का अवसर प्रदान करेगी।

इस वर्ष के समारोहों का एक प्रमुख आकर्षण ‘सूर्यपथ तिरंगा’ होगा। इसे मंत्रालय ने अपनी तरह की पहली पहल बताया है। इसका उद्देश्य दुनिया भर में रह रहे भारत वंशियों को तिरंगे के वैश्विक उत्सव में एकजुट करना है।

मंत्रालय ने नागरिकों से अपने घरों में राष्ट्रीय ध्वज फहराने और अपनी सेल्फी ‘हर घर तिरंगा’ वेबसाइट पर अपलोड करने की अपील की है।

‘हर घर तिरंगा’ अभियान स्वतंत्रता दिवस समारोहों से जुड़ा एक राष्ट्रव्यापी जनभागीदारी अभियान बनकर उभरा है। यह अभियान नागरिकों को राष्ट्रीय ध्वज फहराने और देश के प्रति अपने जुड़ाव को व्यक्त करने के लिए प्रोत्साहित करता है।