झारखंड में जे.पी.एस.सी. और जे.एस.एस.सी. परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर जारी छात्र विरोध प्रदर्शन का आज 10वां दिन है। इस मामले में सीबीआई जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है। छात्रों का आरोप है कि 14वीं जे.पी.एस.सी. प्रारंभिक परीक्षा में ओ.एम.आर. शीट से छेड़छाड़ की गई और एक बड़ा घोटाला हुआ है। प्रदर्शनकारियों ने कल रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से अल्बर्ट एक्का चौक तक मशाल मार्च निकाला।
झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के नेता देवेंद्रनाथ महतो ने अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल की घोषणा करते हुए कहा कि विरोध तब तक जारी रहेगा, जब तक इस मामले में सीबीआई जांच का आदेश नहीं दिया जाता। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की भी मांग की है।
इस बीच, झारखंड सीआईडी जे.पी.एस.सी. के पूर्व अध्यक्ष एल. खियांगटे से लगातार चौथे दिन पूछताछ कर रही है। खियांगटे ने पहले ही अपने पद से इस्तीफा दे दिया था।
एक अन्य घटनाक्रम में, झारखंड सीआईडी और रांची पुलिस ने जे.पी.एस.सी. परीक्षा में कथित अनियमितताओं की जांच के तहत रांची, धनबाद, हजारीबाग, पलामू तथा बिहार के कुछ हिस्सों में छापेमारी की है। पुलिस ने बताया है कि कार्रवाई के दौरान दस्तावेज और अन्य सबूत जब्त किए गए हैं तथा आगे की जांच जारी है।