अगस्त 22, 2026 7:24 अपराह्न

printer

गोवा के मुख्यमंत्री ने युवाओं से 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का आह्वान किया

गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने युवाओं से 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का आह्वान किया है। आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा आयोजित “विकसित भारत @ 2047 – युवा राजनीतिक नेताओं के संवाद में डॉ. सावंत ने कहा कि युवा राजनीतिक नेताओं को पद पाने की लालसा के बजाय लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए काम करना चाहिए। उन्होंने उनसे नीति निर्माता, जमीनी स्तर के आयोजक, प्रौद्योगिकी उपयोगकर्ता और सामाजिक उद्यमी के रूप में विकसित होने का आग्रह किया।

डॉ. सावंत ने कहा कि राजनीति में पारदर्शिता, जवाबदेही, जनभागीदारी और शासन में प्रौद्योगिकी के अधिक उपयोग के साथ एक नई जन-केंद्रित संस्कृति की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक नेतृत्व का मूल्यांकन जमीनी स्तर पर लाए गए परिवर्तनों के आधार पर किया जाना चाहिए, न कि केवल सार्वजनिक मंचों पर दिए गए भाषणों के आधार पर। उन्होंने युवा नेताओं से अगले चुनाव से आगे सोचने और आने वाली पीढ़ियों के लिए काम करने का आह्वान किया।

डॉ. सावंत ने आंध्र प्रदेश में मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू के नेतृत्व में प्रौद्योगिकी, नवाचार, निवेश, बुनियादी ढांचे और रोजगार के क्षेत्र में की जा रही विकास पहलों की भी सराहना की।