राष्ट्रीय संबद्ध और स्वास्थ्य देखभाल व्यवसाय आयोग-एन.सी.ए.एच.पी. ने देश में संबद्ध और स्वास्थ्य देखभाल व्यवसायों को मजबूत करने के लिए पंजीकरण का नया तंत्र प्रस्तावित किया है। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के अनुसार, इस व्यवस्था में कौशल विकास, योग्यता आकलन और नियमित पंजीकरण की प्रक्रिया में शामिल होने के स्पष्ट प्रावधान किए गए हैं।
मंत्रालय ने कहा कि इस प्रस्ताव का उद्देश्य पेशेवर पंजीकरण की प्रक्रिया में एकरूपता, पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाना है। इसके अंतर्गत पात्र पेशेवरों को निर्धारित मानकों के अनुसार अपनी शैक्षणिक योग्यता और कार्यक्षमता बढ़ाने के अवसर भी मिलेंगे।
प्रस्तावित नियमों की प्रमुख विशेषताओं में अंतरिम पंजीकरण के लिए पात्रता मानदंड और प्रक्रिया का मानकीकरण, ऑनलाइन आवेदन, दस्तावेजों का सत्यापन तथा विशिष्ट पहचान संख्या वाले पंजीकरण प्रमाणपत्र जारी करना शामिल है।
आयोग ने पारदर्शी और सहभागी नियमन सुनिश्चित करने के लिए संबद्ध और स्वास्थ्य देखभाल क्षेत्र के पेशेवरों सहित अन्य लोगों से चार दिसंबर तक टिप्पणियां, सुझाव और आपत्तियां आमंत्रित की हैं।