मीडिया के कुछ वर्गों द्वारा आईडीबीआई में सरकार की हिस्सेदारी से संबंधित वर्ष 2003 के विधायी घटनाक्रम पर प्रश्न उठाने वाली खबरों के बाद सरकार ने स्पष्टीकरण जारी किया है। वित्त मंत्रालय ने कहा कि आईडीबीआई बैंक में सरकार की हिस्सेदारी में कमी को प्रतिबंधित करने के उद्देश्य से प्रस्तावित संशोधन को केंद्रीय बजट, 2003 पर चर्चा और आईडीबीआई (निरसन) अधिनियम, 2003 पर संसदीय बहस के दौरान अस्वीकार कर दिया गया था और यह अधिनियमित कानून का हिस्सा नहीं था। मंत्रालय ने कहा कि बाद में दिल्ली उच्च न्यायालय द्वारा इस मामले की जांच की गई। इसमें आगे कहा गया कि 17 दिसंबर, 2018 के फैसले से यह स्पष्ट हो जाता है कि संसदीय बहस के दौरान दिए गए बयानों के आधार पर आईडीबीआई बैंक में सरकार की हिस्सेदारी में कमी करने की शक्ति को प्रतिबंधित करने के लिए वचनबद्धता के सिद्धांत का सहारा नहीं लिया जा सकता है। मंत्रालय ने कहा कि न्यायालय ने यह भी माना कि अधिनियमित कानून में आईडीबीआई बैंक लिमिटेड में सरकार की हिस्सेदारी कम करने पर कोई रोक नहीं है।
मंत्रालय ने कहा कि आईडीबीआई (निरसन) अधिनियम, 2003 का विधायी इतिहास, दिल्ली उच्च न्यायालय का न्यायिक निर्णय और लगातार दिए गए केंद्रीय बजट भाषण सामूहिक रूप से आईडीबीआई बैंक के रणनीतिक विनिवेश की दिशा में सरकार की नीति के विकास को दर्शाते हैं।