ছ'চিয়েল ফিড

Loading Facebook feed...
Loading Twitter feed...

August 2, 2026 8:00 AM

समाचार प्रभात

printer

मुख्‍य समाचार

 

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज नशा मुक्त युवा – विकसित भारत संकल्प अभियान का शुभारंभ करेंगे।

 

केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने नीट-पीजी 2026 परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा की। परीक्षार्थियों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की।

 

तेलंगाना पुलिस ने बाल श्रम और मानव तस्करी के खिलाफ एक माह के विशेष अभियान में छह हजार से अधिक बच्‍चों को बचाया।

 

गुजरात, ओडिशा और केरलम में बाढ़ की स्थिति गंभीर। गुजरात के छह जिलों में मूसलाधार बारिश का रेड अलर्ट।

 

अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्‍ड ट्रंप ने ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई तेज करने की धमकी दी। ईरान की भी अमरीका और इस्राएल के प्रमुख ऊर्जा ठिकानों पर जवाबी कार्रवाई की चेतावनी।

 

ग्लासगो में राष्ट्रमंडल खेलों में भारत चौथे स्‍थान पर। मुक्‍केबाजों ने शानदान प्रदर्शन करते हुए एक ही दिन में सात स्‍वर्ण पदक जीते। भारत के कुल पदकों की संख्‍या 39 

 

******

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्‍यम से नशा मुक्त युवा – विकसित भारत संकल्प अभियान की शुरुआत करेंगे। हमारे संवाददाता ने बताया है कि नशे की लत के ख़िलाफ़ सौ सप्‍ताह तक चलने वाले इस अभियान में देश भर में 10 हज़ार से अधिक स्‍थानों से युवा भाग लेंगे।

 

इस अभियान में माई भारत के स्वयंसेवक, राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक, युवा क्लब, स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय, गैर-सरकारी संगठन, उद्योग संगठनों के युवा प्रकोष्ठ और 125 से अधिक सहयोगी आध्यात्मिक संगठन भी वर्चुअल माध्यम से शामिल होंगे। देशभर में प्रत्येक रविवार को साप्ताहिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा, जिनका उद्देश्य नशामुक्त समाज के निर्माण के प्रति जागरूकता फैलाना और जनभागीदारी को बढ़ावा देना है। इन गतिविधियों में खेल प्रतियोगिताएं, वॉकाथॉन, ध्यान सत्र, सांस्कृतिक कार्यक्रम, जन-जागरूकता अभियान, नुक्कड़ नाटक, परिचर्चाएं, कला प्रतियोगिताएं और सामुदायिक सहभागिता कार्यक्रम शामिल होंगे। इस पहल का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना और उन्हें अपने-अपने समुदायों में सकारात्मक सामाजिक परिवर्तन का अग्रदूत बनने के लिए प्रोत्साहित करना है। सौम्‍या के साथ सकलेन अख्‍तर, आकाशवाणी समाचार, दिल्‍ली।

 

******

 

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि भारत के युवाओं ने विज्ञान, प्रौद्योगिकी और खेल सहित कई क्षेत्रों में देश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। श्री मोदी ने कहा कि आज भारत के युवा विश्‍व के तीसरे सबसे बड़े स्टार्टअप इकोसिस्टम, आत्मनिर्भर भारत और मेक इन इंडिया अभियान का नेतृत्व कर रहे हैं। कर्नाटक के मैसूरु में कल स्वामी विवेकानंद सांस्कृतिक युवा केंद्र-विवेक स्मारक का उद्घाटन करते हुए श्री मोदी ने यह बात कही।

 

अभी कुछ दिन पहले ही हमने देखा है, भारत के युवाओं ने अंतरिक्ष में कमाल कर दिया है। पहली बार युवाओं का बनाया हुआ एक प्राइवेट कंपनी का रॉकेट, अंतरिक्ष तक पहुंचा है। आज कोई भी सेक्टर हो, भारत का युवा अपना दम-खम दिखा रहा है। आज छोटे से छोटे व्यवसाय में लगा युवा, भारत की डिजिटल इकॉनमी को आगे बढ़ा रहा है।

 

प्रधानमंत्री ने कहा कि स्वामी विवेकानंद का सपना युवाओं को राष्ट्र निर्माण के लिए तैयार करना था। प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में सरकार ने शिक्षा के क्षेत्र में बडे बदलाव किए हैं।

 

******

 

स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने राष्ट्रीय स्नातकोत्तर पात्रता सह प्रवेश परीक्षा- नीट-पीजी 2026 की तैयारियों की कल समीक्षा की है। ये परीक्षा इस महीने की 30 तारीख को आयोजित की जाएगी। एक रिपोर्ट……….

 

बैठक के दौरान स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने परीक्षा के सुचारू, सुरक्षित, पारदर्शी और उन्‍नत प्रौद्योगिकी के माध्‍यम से संचालन सुनिश्चित किए जाने पर व्‍यापक विचार-विमर्श किया। श्री नड्डा ने राष्ट्रीय चिकित्सा विज्ञान परीक्षा बोर्ड -एनबीईएमएस, प्रौद्योगिकी भागीदारों और परीक्षा संचालन में शामिल अन्य हितधारकों की तैयारियों का आकलन किया। उन्हें परीक्षा व्यवस्था, उम्मीदवारों की सुविधा के उपाय, सुरक्षा ढांचा और नीट-पीजी 2026 के लिए शुरू किए गए प्रौद्योगिकी-आधारित उपायों के बारे में जानकारी दी गई। श्री नड्डा ने इस बात पर जोर दिया कि निष्पक्ष, पारदर्शी और उम्मीदवार-हितैषी परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास किया जाना चाहिए, साथ ही सत्यनिष्ठा और सुरक्षा के उच्चतम मानकों को बनाए रखा जाना चाहिए। श्री नड्डा ने उम्मीदवारों से कहा कि वे अफवाहों से दूर रहें और केवल एनबीईएमएस तथा स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें। समाचार कक्ष से मैं चंद्रशेखर।

 

******

 

तेलंगाना पुलिस ने एक माह के विशेष अभियान में बाल श्रम और मानव तस्करी से छह हजार से अधिक बच्‍चों को बचाया है। ऑपरेशन मुस्कान अभियान के अंतर्गत बाल मजदूरी के चंगुल से 6 हजार तीन सौ सा‍त बच्चों को बचाया गया। राज्य में बाल श्रम और बाल तस्करी को समाप्त करने के उद्देश्य से एक 1 जुलाई से 31 जुलाई तक विशेष अभियान चलाया गया।

 

महिला सुरक्षा प्रभाग की निदेशक चारू सिन्हा ने बताया कि यह अभियान उनके विभाग के नेतृत्व में महिला और बाल कल्याण विभाग, श्रम विभाग, स्वास्थ्य विभाग, बाल कल्याण समितियों, जिला बाल संरक्षण इकाइयों और स्वयंसेवी संगठनों के सहयोग से चलाया गया।

 

अभियान के दौरान पुलिस ने एक हजार सात सौ पांच मामले दर्ज किए और एक हजार सात सौ दस लोगों को गिरफ्तार किया।

 

******

 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आज सुबह राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में प्रेसिडेंट्स बॉडीगार्ड सोल्जरथॉन, दिल्ली 2026 को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर मिजोरम के राज्यपाल जनरल वीके सिंह भी उपस्थित थे। सोशल मीडिया पर पोस्ट में राष्ट्रपति ने कहा कि सैनिकों के लिए दौड़ो, सैनिकों के साथ दौड़ो की सोच से प्रेरित सोल्जरथॉन नागरिकों और सशस्त्र बलों के बीच संबंधों को मजबूत करने का एक अनूठा मंच है।

 

******

 

गुजरात, ओडिशा और केरलम में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। गुजरात में मौसम विभाग ने आज छह जिलों में मूसलाधार बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। हमारी संवाददाता ने बताया है कि सौराष्ट्र क्षेत्र में कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई है।

 

दक्षिण और मध्य गुजरात को सराबोर करने के बाद बारिश का रुख अब सौराष्ट्र की तरफ हो गया है, जिससे कई जिलों में भारी जलभराव हुआ है। मोरबी तालुका में पिछले 24 घंटों में सबसे अधिक बारिश दर्ज की गई। बारिश के चलते राज्‍य के 20 जलाशय छलक गए हैं, जबकि 30 बांधों को ‘हाई अलर्ट’ पर रखा गया है। राज्य की जीवनरेखा नर्मदा बांध लगभग 75 प्रतिशत भर चुका है। राज्य में अब तक मौसम की औसत 64 प्रतिशत बारिश दर्ज हो चुकी है। तेज हवाओं को देखते हुए मछुआरों को अगले दो दिनों तक समुद्र में न जाने की सलाह दी है। साथ ही राज्य के सभी बंदरगाहों पर 3 नंबर का चेतावनी सिग्नल लगाया गया है। अपर्णा खूंट, आकाशवाणी समाचार, अहमदाबाद।

 

इस बीच, ओडिशा में बाढ़ की स्थिति में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है, लेकिन महानदी बेसिन में नदियों का जलस्तर बढ़ने से निचले इलाकों में खतरा अभी भी बना हुआ है। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने राहत और पुनर्वास कार्यों की निगरानी के लिए चार मंत्रियों को तैनात किया है।

 

******

 

उधर, केरलम में तेज बारिश से कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग ने आज तिरुवनंतपुरम और कोल्लम को छोड़कर राज्य के 12 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। खराब मौसम और समुद्र में तेज लहरों को देखते हुए तटों पर मछली पकड़ने पर रोक लगा दी गई है।

 

******

 

जम्मू-कश्मीर में मौसम विभाग ने कुछ स्थानों पर तेज बारिश, बादल फटने और अचानक बाढ़ की संभावना को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है। आज प्रदेश के कुछ हिस्सों में बौछारें पड़़ सकती हैं।

 

******

 

उज़्बेकिस्तान के विदेश मंत्री सैदोव बख्तियार ओदिलोविच आज से पांच अगस्‍त तक भारत के आधिकारिक दौरे पर रहेंगे।     विदेश मंत्रालय के अनुसार वे राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर से मुलाकात करेंगे।

 

******

 

अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई तेज करने की चेतावनी दी है। उन्होंने कहा है कि जब तक ईरान समुद्री जहाजों पर हमले बंद नहीं करता और बातचीत के लिए तैयार नहीं होता, तब तक अमरीकी हमले जारी रहेंगे। इस बीच, अमरीकी विदेश विभाग ने पश्चिम एशिया में रह रहे अपने नागरिकों को क्षेत्र छोड़ने या स्थिति बिगड़ने पर वहां से निकलने के लिए तैयार रहने की सलाह दी है। ईरान के सरकारी मीडिया के अनुसार, एक वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारी ने कहा है कि ईरान ने संभावित सैन्य कार्रवाई की स्थिति में इस्राएल के अहम ठिकानों और क्षेत्र में मौजूद अमरीकी ऊर्जा परिसंपत्तियों पर हमला करने की योजना तैयार कर ली है।

 

******

 

और अब राष्‍ट्रमंडल खेलों से जुड़ी जानकारी के साथ हैं- मुकेश कुमार बल

 

ग्लासगो में जारी राष्‍ट्रमंडल खेलों के 10वें दिन चार अलग-अलग स्‍पर्धाओं में 16 पदक जीतकर भारत, पदक तालिका में चौथे स्थान पर पहुंच गया है। भारत ने 13 स्‍वर्ण, 17 रजत और 9 कांस्‍य सहित कुल 39 पदक अपने नाम किए हैं। भारत के खाते में सबसे अधिक 10 पदक मुक्‍केबाजी से आए हैं। भारतीय एथलीटों ने पुरुषों के पैरा शॉट पुट और पुरुषों की ट्रिपल जंप में दो-दो मेडल जीते, जबकि जूडो और एथलेटिक्स में एक-एक मेडल अपने नाम किया। भारतीय मुक्केबाजों ने राष्‍ट्रमंडल खेलों में ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए सात स्‍वर्ण पदक जीते। यह इन खेलों के किसी एक संस्करण में किसी भी देश द्वारा जीते गए सर्वाधिक स्‍वर्ण पदक हैं। भारत को पैरा एथलेटिक्स में भी सफलता मिली, जहाँ पुरुषों की एफ-57 शॉट पुट स्‍पर्धा में भारत के खिलाड़ियों ने पहला और दूसरा स्थान हासिल किया। सोमन राणा ने स्‍वर्ण, जबकि शुभम जुयाल ने रजत पदक जीता। एथलेटिक्स टीम ने तीन और पदक अपने नाम किए। पुरुषों की ट्रिपल जंप में प्रवीण चित्रवेल ने रजत और सेल्वा प्रभु थिरुमारन ने कांस्‍य पदक जीता, जबकि लंबी दूरी के धावक गुलवीर सिंह ने पुरुषों की पांच हजार मीटर दौड़ में कांस्‍य पदक जीता। जूडो खिलाड़ी उन्नति शर्मा ने भी महिलाओं के 63 किलो भार वर्ग में कांस्‍य पदक अपने नाम किया।

 

******

 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेलों में शानदार प्रदर्शन के लिए भारतीय खिलाडि़यों को बधाई दी है।

 

******

 

समाचार पत्रों की सुर्खियों से

 

राष्‍ट्रमंडल खेलों में भारत के स्‍वर्णि‍म दिन‍ को सभी अखबारों ने प्रमुखता से प्रकाशित किया है। हिन्‍दुस्‍तान की सुर्खी है- भारत पर सोने की बारिश। दैनिक भास्‍कर लिखता है- पहली बार एक दिन में आठ स्‍वर्ण, पांच सिल्‍वर समेत कुल 15 मेडल। रिकार्ड शीर्षक से पत्र ने बताया है- इस बार 13 में से 8 गोल्‍ड महिलाएं लाई।

 

जनसत्‍ता की खबर है- कुलगाम आतंकवादी हमले में घायल दूसरे प्रवासी मजदूर ने भी दम तोड़ा। नाम पूछकर दोनों मजदूरों को नजदीक से गोली मारी गई थी।

 

दैनिक जागरण ने अपने संपादकीय पृष्‍ठ पर अराजकता को उचित ठहराने की कोशिश का विश्‍लेषण किया है। पत्र लिखता है- कॉकरोच जनता पार्टी मांग कर रही है कि उसके प्रदर्शन में जिन्‍होंने हिंसा की, उन्‍हें भी माफी दी जाए। ऐसा करने से गलत परिपाटी बनेगी और इसका लाभ अराजक तत्‍व उठाएंगे।

 

दैनिक ट्रिब्‍यून की सुर्खी है- नए पेपर लीक रोधी विधेयक को राष्‍ट्रपति की मंजूरी। राज्‍यों में बनेंगे फास्‍ट ट्रैक कोर्ट।   

 

कॉलेजियम की पारदर्शिता पर जस्टिस भुइयां ने उठाए सवाल, लिखता है- अमर उजाला। उन्‍होंने कहा- किसी जज को क्‍यों चुना, नहीं बताना बाकी के लिए अन्‍याय।

 

नवभारत टाइम्‍स ने ऑनलाइन खरीददारी पर टिप्‍स देते हुए सतर्क किया है- पार्सल का खाली डिब्‍बा भी करा सकता है खाता खाली। साइबर ठग इससे आपके बैंक अकाउंट में सेंधमारी कर रहे हैं। डब्‍बा फेंकने से पहले उसे छोटे-छोटे टुकडे करके फेंके। 

 

राजस्थान पत्रिका की संडे स्‍पेशल स्‍टोरी एआई की क्रि‍एटिविटी पर केन्द्रित है। पत्र ने लिखा है- कोई बन रहा रचनाकार, तो कोई एआई से संगीत तैयारकर गायन के शौक पूरे कर रहा।

 

******

 

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिरः

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज नशा मुक्त युवा – विकसित भारत संकल्प अभियान का शुभारंभ करेंगे।

 

केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने नीट-पीजी 2026 परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा की। परीक्षार्थियों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की।

 

तेलंगाना पुलिस ने बाल श्रम और मानव तस्करी के खिलाफ एक माह के विशेष अभियान में छह हजार से अधिक बच्‍चों को बचाया।

 

गुजरात, ओडिशा और केरलम में बाढ़ की स्थिति गंभीर। गुजरात के छह जिलों में मूसलाधार बारिश का रेड अलर्ट।

 

अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्‍ड ट्रंप ने ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई तेज करने की धमकी दी। ईरान की भी अमरीका और इस्राएल के प्रमुख ऊर्जा ठिकानों पर जवाबी कार्रवाई की चेतावनी।

 

ग्लासगो में राष्ट्रमंडल खेलों में भारत चौथे स्‍थान पर। मुक्‍केबाजों ने शानदान प्रदर्शन करते हुए एक ही दिन में सात स्‍वर्ण पदक जीते। भारत के कुल पदकों की संख्‍या 39

 

******