अक्टूबर 29, 2026 8:38 अपराह्न

printer

हरियाणा: कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड की 83वीं बैठक, राज्यपाल असीम कुमार घोष ने की अध्यक्षता

हरियाणा के राज्यपाल प्रोफेसर असीम कुमार घोष ने आज कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड की शासी निकाय की 83वीं बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में आगामी अंतरराष्ट्रीय गीता जयंती समारोह की तैयारियों की समीक्षा की गई। यह महोत्सव पांच से 25 दिसंबर तक कुरुक्षेत्र में आयोजित होगा। राज्यपाल ने पिछले वर्ष के अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के दौरान की गई व्यवस्थाओं की सराहना की और श्रद्धालुओं तथा पर्यटकों के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए और सुधार करने का आह्वान किया। बैठक में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, सांसद नवीन जिंदल, गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज और वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। राज्यपाल और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने डिजिटल हेरिटेज ऐप और कुरुक्षेत्र सारथी मोबाइल ऐप का भी शुभारंभ किया।

मुख्यमंत्री ने संवाददाताओं को बताया कि समारोह के दौरान कई धार्मिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। दो दिसंबर से जन-जागरूकता अभियान शुरू होगा, जिसके अंतर्गत 48 कोस क्षेत्र के 182 तीर्थ स्थलों को शामिल किया जाएगा। चार दिसंबर को पिपली से शोभायात्रा भी निकाली जाएगी। समारोह में भागवत कथा, गीता सम्मेलन और हरियाणा राज्य के गठन के 60 वर्ष पूरे होने पर एक प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। इसके अलावा, शैक्षणिक कार्यक्रमों के साथ युवाओं में नैतिक मूल्यों और चरित्र निर्माण को बढ़ावा देने के लिए भी गतिविधियां आयोजित होंगी।