अक्टूबर 31, 2026 10:54 पूर्वाह्न

printer

राष्ट्रीय एकता दिवस: प्रधानमंत्री मोदी ने एकता नगर में 400 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्‍यास किया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज गुजरात के एकता नगर में 400 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्‍यास किया। इन परियोजनाओं में सीवेज और जल शोधन संयंत्र, अग्रभाग प्रकाश व्यवस्था, नर्मदा घाट का उन्नयन और वर्षावन आदि शामिल हैं।

इससे पहले, प्रधानमंत्री मोदी ने एकता नगर स्थित एकता प्रतिमा पर लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल को श्रद्धांजलि अर्पित की। सरदार पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री ने भव्य समारोह का नेतृत्व किया। सरदार वल्‍लभभाई पटेल का जन्‍मदिन राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया जाता है। वायु सेना के हेलीकॉप्टरों ने विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा पर फूल बरसाकर हवाई श्रद्धांजलि दी। बाद में आज शाम को, प्रधानमंत्री राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में भाग लेंगे।

कल प्रधानमंत्री ने एकता नगर में ‘भारत पर्व 2026’ का उद्घाटन किया। यह उत्सव 15 नवंबर तक चलेगा। ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की थीम पर आयोजित इस उत्सव में देश के विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की संस्कृति, परंपराओं, खान-पान, हस्तशिल्प और विरासत को प्रदर्शित किया जा रहा है। श्री मोदी ने स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के पास स्थित ‘फूलों की घाटी’ का भी दौरा किया। 24 एकड़ में फैले इस उद्यान में 112 प्रजातियों के लगभग 14 लाख पौधे हैं। इसे पर्यावरण संरक्षण और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए विकसित किया गया है।

प्रधानमंत्री ने बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय की प्रसिद्ध रचना ‘आनंदमठ’ पर आधारित नाटक भी देखा। राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय द्वारा सरदार सरोवर बांध की पृष्ठभूमि में प्रस्तुत इस कार्यक्रम में 300 कलाकारों ने भाग लिया। इसके अलावा, प्रधानमंत्री ने ‘एकता प्रकाश पर्व’ में हिस्सा लिया और नर्मदा आरती में भी शामिल हुए।

इससे पहले कल प्रधानमंत्री ने बनासकांठा जिले में 14 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्‍यास किया। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त भी जारी की। इसके तहत देशभर के लगभग 10 करोड़ किसानों के बैंक खातों में 18 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि सीधे भेजी गई। प्रधानमंत्री दो दिन की यात्रा पर कल गुजरात पहुंचे थे।