नवम्बर 2, 2026 2:30 अपराह्न

printer

भारत की विनिर्माण गतिविधियों में अक्टूबर में मामूली गिरावट, PMI घटकर 54.7 पर आया

एसएंडपी ग्लोबल के जारी आंकड़ों के अनुसार निर्यात ऑर्डर वृद्धि छह महीने के उच्चतम स्तर पर पहुंचने और मूल्य दबाव में कमी के बावजूद अक्टूबर में भारत की विनिर्माण गतिविधियों में मामूली गिरावट दर्ज की गई। एचएसबीसी इंडिया विनिर्माण क्रय प्रबंधक सूचकांक- पीएमआई सितंबर के 55.1 से घटकर अक्तूबर में 54.7 हो गया। 
 
इस महीने मूल्य दबाव में भी कमी आई। इनपुट लागत मुद्रास्फीति फरवरी के बाद से अपने सबसे निचले स्तर पर आ गई, जबकि विक्रय मूल्यों में वृद्धि चार वर्षों में सबसे कम रही। विनिर्माताओं ने संभावित आपूर्ति की कमी से बचाव और अनिश्चित वैश्विक वातावरण के बीच बढ़ती उत्पादन आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए एहतियाती बफर बनाने के लिए आठ महीनों में सबसे तेज गति से  इनपुट इन्वेंट्री में वृद्धि की।
 
कारखाना रोजगार में लगातार दूसरे महीने वृद्धि देखी गई। रिपोर्ट में कहा गया है कि नए कारोबार में मजबूत वृद्धि बनी हुई है। बांग्लादेश, कनाडा, इंडोनेशिया, नेपाल, ओमान, सऊदी अरब, श्रीलंका, ब्रिटेन, अमरीका और संयुक्‍त अरब अमीरात सहित कई अंतरराष्ट्रीय बाजारों से मांग के चलते नए निर्यात ऑर्डर छह महीनों में सबसे तेज गति से बढ़े हैं।