नवम्बर 1, 2026 10:04 अपराह्न

printer

बंगाल की खाड़ी में बना गहरा दबाव चक्रवाती तूफान मुरासु में बदला

बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिम और उससे सटे पश्चिम-मध्य हिस्से में बना चक्रवाती तूफान मुरासु पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ गया है। आज यह चेन्नई से लगभग 480 किलोमीटर पूर्व-दक्षिण-पूर्व में केंद्रित था।

मौसम विभाग के अनुसार, इसके पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने और कल सुबह तक पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में भीषण चक्रवाती तूफान में बदलने की आशंका है। इसके बाद यह उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ेगा और सोमवार आधी रात से मंगलवार तड़के के बीच दक्षिण आंध्र प्रदेश के तट को पार कर सकता है। इस दौरान हवा की गति 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटे रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने मछुआरों को कल तक बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पूर्वी हिस्से और चार नवंबर की सुबह तक दक्षिण-पश्चिमी हिस्से में समुद्र में न जाने की सलाह दी है।

इस बीच, मौसम विभाग ने कल तटीय आंध्र प्रदेश में मूसलाधार बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं, रायलसीमा, तमिलनाडु, पुद्दुचेरी, कराईक्‍काल और तेलंगाना में तेज बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। अगले दो दिनों के दौरान छत्तीसगढ़, केरल, माहे, ओडिशा और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में भी तेज बारिश होने की संभावना है।

मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश में बिजली चमकने और तेज हवाओं के साथ आंधी-तूफान आने का अनुमान व्यक्त किया है। वहीं, दिल्ली में कल आसमान साफ रहने की संभावना है। राष्ट्रीय राजधानी में कल अधिकतम तापमान 28 से 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।

सर्वाधिक पठित
सम्पूर्ण जानकारी arrow-right

कोई पोस्ट नहीं मिला