अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप रूस और यूक्रेन के बीच तनाव कम करने के लिए कल न्यूयॉर्क में यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की से मुलाकात करेंगे। संयुक्त राष्ट्र महासभा के दौरान होने वाली इस बैठक में दोनों नेता संघर्ष कम करने और बातचीत फिर शुरू करने पर चर्चा कर सकते हैं।
यूक्रेन के मुख्य वार्ताकार और विदेश खुफिया सेवा के प्रमुख रुस्तेम उमेरोव, व्हाइट हाउस के अधिकारियों के साथ बैठक की तैयारियों में जुटे हैं। यह मुलाकात ट्रंप और जेलेंस्की के बीच हाल में हुई फोन पर बातचीत के बाद हो रही है। जेलेंस्की ने इस बातचीत को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा था कि इससे कूटनीतिक प्रयासों को गति मिली है।
बातचीत के दौरान ट्रंप ने जेलेंस्की से रूस की तेल रिफाइनरियों पर यूक्रेनी हमले रोकने का आग्रह किया। इन हमलों को ईंधन आपूर्ति में बाधा और डीजल की बढ़ती कीमतों से जोड़ा जा रहा है।
जेलेंस्की पहले ही कह चुके हैं कि अगर रूस यूक्रेन के बुनियादी ढांचे पर हमले नहीं करने की गारंटी देता है, तो यूक्रेन रूसी ऊर्जा प्रतिष्ठानों पर हमले रोक सकता है।